बातों में उलझाकर उड़ाई सोने की चेन, बाबरिया गैंग के दो शातिर चेन स्नैचर पानीपत से गिरफ्तार

बातों में उलझाकर उड़ाई सोने की चेन, बाबरिया गैंग के दो शातिर चेन स्नैचर पानीपत से गिरफ्तार
Spread the love

कोटद्वार। कोटद्वार में महिला की सोने की चेन चोरी की वारदात का पौड़ी पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए बाबरिया गैंग से जुड़े दो शातिर चेन स्नैचरों को हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी के खिलाफ लूट और चेन स्नैचिंग के दर्जनों मुकदमे दर्ज होने का खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि 09 मई 2026 को वह घमण्डपुर की ओर विक्रम वाहन से जा रही थीं। इसी दौरान उनके पास बैठे कुछ अज्ञात व्यक्तियों और महिलाओं ने बातचीत व धक्का-मुक्की के बहाने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली और फरार हो गए। मामले में कोतवाली कोटद्वार में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध वाहन की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 19 मई 2026 को पानीपत, हरियाणा से आरोपी राजेन्द्र उर्फ नरेश और उसकी साथी मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाबरिया जाति से संबंधित हैं और महिलाओं के गहने चोरी करने के उद्देश्य से कोटद्वार आए थे। सिद्धबली मंदिर जाते समय उन्होंने एक महिला के गले में सोने की चेन देखी और वारदात की योजना बनाई। आरोपी राजेन्द्र कार से उतर गया, जबकि मुस्कान और बबीता विक्रम वाहन में महिला के पास बैठ गईं। दोनों ने महिला को बातचीत में उलझाया और मौका पाकर चेन चोरी कर ली। बाद में चोरी की गई चेन को पानीपत में करीब 80 हजार रुपये में बेच दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त सिल्वर रंग की टोयोटा रोमिनियो कार संख्या HR 06 BL-3225 बरामद की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी राजेन्द्र उर्फ नरेश एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ हरियाणा के पानीपत में लूट, चेन स्नैचिंग समेत 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में फरार आरोपी बबीता सहित अन्य की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में उ0नि सैय्यदुल बहार, उ0नि विनोद चपराना, अपर उ0नि0 अहसान अली (सीआईयू), हे0का0 करण यादव, का0 चन्द्रपाल, का0 सतीश शर्मा, महिला का0 करिश्मा तथा पीआरडी अरूण कुमार शामिल रहे, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों और सटीक टीमवर्क के आधार पर आरोपियों को पानीपत से गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles