उरेडा के परियोजना अधिकारी 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

उरेडा के परियोजना अधिकारी 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) बागेश्वर के परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि बागेश्वर स्थित उरेडा कार्यालय में सोलर प्लांटों की ज्वाइंट इंस्पेक्शन रिपोर्ट (JIR) लंबे समय से लंबित थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल प्रत्येक फाइल के निस्तारण के लिए 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायतकर्ता की चार फाइलें लंबित होने के कारण आरोपी ने कुल 40 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए सतर्कता अधिष्ठान से कार्रवाई की मांग की।

प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने शुक्रवार को योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए धीरेन्द्र सिंह पटवाल, निवासी राजनगर, पीरूमदारा, रामनगर (जनपद नैनीताल), वर्तमान परियोजना अधिकारी, उरेडा बागेश्वर, को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के विरुद्ध सहयोग की अपील करते हुए कहा कि रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दी जा सकती है।

देवभूमि खबर

Related articles