हत्या की कोशिश के मुकदमे में फरार चल रहा वांछित आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने सुभाषनगर निवासी युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी अपने पिता की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को सुभाषनगर, कोतवाली गंगनहर निवासी महिला ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोग घातक हथियारों से लैस होकर उसके पुत्र पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर रहे थे और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा संख्या 363/2026, धारा 109(1) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीमों ने साक्ष्य संकलन के साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश और तलाश की कार्रवाई की।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित अनुराग चौधरी को 5 अक्टूबर 2026 को लाठकदेवा अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुराग चौधरी पुत्र स्वर्गीय जोगेंद्र चौधरी, निवासी पनियाला रोड, कोतवाली गंगनहर, जिला हरिद्वार, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने पिता की हत्या के आरोप में पूर्व में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, हेड कांस्टेबल दुर्गा, कांस्टेबल राकेश और कांस्टेबल नितिन शामिल रहे।


