जल संरक्षण अभियान 2025: मुख्यमंत्री ने किया ‘भागीरथ’ मोबाइल एप का शुभारंभ
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में जल संरक्षण अभियान 2025 के तहत आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने जल संरक्षण की दिशा में ‘भागीरथ’ मोबाइल एप का शुभारंभ और अभियान का ब्रोशर विमोचन किया। इस एप के माध्यम से लोग अपने क्षेत्र के संकटग्रस्त जल स्रोतों की जानकारी साझा कर सकेंगे, जिसके पुनर्जीवीकरण के लिए सरकार कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के जल स्रोतों, नौलों, धारों और वर्षा आधारित नदियों के संरक्षण के लिए सरकार ने स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (सारा) का गठन किया है। सारा ने पिछले वर्ष 6500 से अधिक जल स्रोतों का संरक्षण किया और 3.12 मिलियन घन मीटर वर्षा जल का संचयन करने में सफलता पाई। उन्होंने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में भू-जल रिचार्ज के लिए केंद्रीय भू-जल बोर्ड के सहयोग से प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं नयार, सौंग, उत्तरवाहिनी शिप्रा और गौड़ी नदियों के पुनर्जीवन के लिए आईआईटी रुड़की और एनआईएच रुड़की के साथ विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण ही प्रगति, जीवन और विकास का आधार है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जल संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसमें जन सहयोग भी लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है और आने वाले 10 वर्षों में उत्तराखंड के विकास को बुलंदियों पर ले जाने का यही सही समय है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के अभियान को ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक व्यापक रूप से चलाया जाएगा।
कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी ने बताया कि जल संरक्षण अभियान 2025 में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘भागीरथ’ मोबाइल एप का शुभारंभ किया गया है। इस एप के माध्यम से आम जन अपने क्षेत्रों के सूख चुके जल स्रोतों की जानकारी साझा कर सकेंगे, जिससे समय रहते उनका पुनर्जीवन संभव होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के जल स्रोतों के सुधारीकरण और पुनर्जीवित करने के लिए सारा का गठन किया गया है।
अपर मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने कहा कि जल संरक्षण अभियान 2025 सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है। राज्य की जल संपदाओं का संचयन और संरक्षण राज्यवासियों की सहभागिता से किया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्राम स्तर पर ‘धारा नौला संरक्षण समिति’ का गठन किया गया है, जिससे प्रत्येक स्तर पर ग्रामवासियों की भागीदारी सुनिश्चित हो। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों की क्षमता विकास के लिए चरणवार कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
इस मौके पर विधायक श्री खजान दास, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन, जलागम प्रबंधन से श्रीमती नीना ग्रेवाल, पर्यावरणविद श्री चंदन सिंह नयाल, श्री कुंदन सिंह पंवार, और पर्यावरण व जल संरक्षण से जुड़े अन्य विशेषज्ञ मौजूद थे।


