18 दिसंबर को मनाया जाएगा विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस — मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि, मेधावी बालिकाएँ होंगी सम्मानित
देहरादून। उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 18 दिसम्बर 2025 को “विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस” के रूप में मनाया जाना है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की समस्याओं का निराकरण, उत्थान, शिक्षा, संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता और समाज में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।
इस कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 18 दिसम्बर 2025 को हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र, गढ़ी कैंट, देहरादून में प्रातः 10:00 बजे से किया जाना निर्धारित है, जिसमें मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड सरकार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के समस्त पुलिस थानों में “लोक समस्या निवारण” के माध्यम से भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान “मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना” के अन्तर्गत जनपद देहरादून की उन मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने वर्ष 2025 में उत्तराखण्ड रामनगर बोर्ड एवं उत्तराखण्ड मदरसा शिक्षा बोर्ड के अन्तर्गत हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हों। हाईस्कूल एवं इंटर — दोनों श्रेणियों से 2–2 मेधावी बालिकाएँ (कुल 4 बालिकाएँ) को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यालय के निकटतम थाने में इन मेधावी छात्राओं को मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड सरकार तथा जिला स्तर पर जिलाधिकारी के माध्यम से उच्चाधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

