एचआईवी/एड्स जागरूकता के लिए देहरादून में दौड़े युवा, ‘रेड रन’ मैराथन का आयोजन

देहरादून। एचआईवी/एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता को लेकर रविवार को देहरादून में राज्य स्तरीय ‘रेड रन’ मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून तथा खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह सात बजे ध्वजारोहण के साथ किया गया। प्रतियोगिता में 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त निदेशक, बेसिक सर्विस अनुभाग डॉ. अमित शुक्ला ने किया। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। युवाओं को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव और उपचार के संबंध में सही जानकारी हासिल कर समाज में भी जागरूकता फैलानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उन्हें सम्मान और सहयोग दिया जाना चाहिए। ‘रेड रन’ जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली के साथ एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों से स्वयं जागरूक बनने तथा सही जानकारी अपनाने, भेदभाव मिटाने और एचआईवी/एड्स की रोकथाम में भागीदार बनने की अपील की।
‘रेड रन’ मैराथन यामाहा शोरूम के निकट पेट्रोल पंप से शुरू होकर कैनाल रोड, एनआईईपीवीडी, बाला सुंदरी मंदिर, स्कॉलर होम बैक गेट, इंदरबाबा मार्ग और पॉलिटेक्निक के निकट से होते हुए वापस यामाहा शोरूम पर समाप्त हुई।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के अमरदीप ने प्रथम, फैजान ने द्वितीय और मुकेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज की तनुशी चौहान ने प्रथम, रितिका रावत ने द्वितीय और सोनाली डोडियाल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 10 हजार, 7,500 और 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
मैराथन में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर से फुटबॉल प्रशिक्षक पंकज भट्ट, हॉकी प्रशिक्षक पंकज रावत, क्रिकेट प्रशिक्षक हरप्रीत सिंह, पंकज पोखरियाल, उमेश सिंह गढ़िया और करन प्रजापति सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के समापन पर उप निदेशक, वित्त महेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ‘रेड रन’ जैसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के साथ एचआईवी/एड्स से बचाव, जागरूकता और समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
