उक्रांद युवा प्रकोष्ठ ने एनएच 58 में हुये धांधली को लेकर एन०एच०आई०डी०सी०एल० के क्षेत्रीय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
देहरादून।राष्ट्रीय राजमार्ग 58 में सड़क निर्माण कार्य में धांधली को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल युवा प्रकोष्ठ केंद्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल एनएचआईडीसीएल के क्षेत्रीय अधिकारी उत्तराखंड से मिला, एवं निर्माण कार्य कर रही एनकेजी कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कंपनी द्वारा कर्णप्रयाग जोशीमठ राजमार्ग पर सड़क निर्माण के कार्य मे सीमेंट, रेत के स्थान पर मिट्टी को मिक्सचर मशीन में डाल कर कार्य किया जा रहा है, जबकि सुरक्षा की दृष्टि से यह सड़क भारतीय तिब्बत सीमा तक जाती है।सैनिकों को साजो सामान के साथ साथ यहां 24 घंटे बाहरी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। श्री बिष्ट ने कहा कि डेंजर जोन के साथ साथ, खड़े पहाड़ को काट कर मिट्टी को नदी में डाल कर एनजीटी के नियमों की भी खुले आम धज्जियाँ उड़ायी जा रही है। कहीं ना कहीं यह इस विभाग के उच्च अधिकारियों तक भी आंच उठती है ।उन्होंने मुख्य क्षेत्रीय अधिकारी को चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के अंतर्गत कार्यरत कंपनी एवं इसमे संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो उक्रांद इसके लिए उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, साथ ही एनकेजी कंपनी के उत्तराखंड राज्य मे समस्त कार्यो की जांच की जाए।
इस अवसर पर उक्रांद युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सीमा रावत, केंद्रीय सचिव युवा अरविंद बिष्ट, कमल कांत, आदि मौजूद रहे।

