कबाड़ी से खरीदी गई बोतलों में शराब भर कर सप्लाई करने वाले सिविल इंजीनियर सहित पांच को जेल
आगरा ।एजेंसी। आवास विकास कालोनी के सेक्टर 16 में अवैध शराब के साथ पकड़े गए पांचों आरोपियों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी हरियाणा की शराब को कबाड़ी से खरीदी गई बोतलों में भरकर बेचने के लिए तैयार करते थे। इसके बाद यह शराब देहात के ठेकों पर सप्लाई की जाती थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शास्त्रीपुरम निवासी सुधीर गुप्ता, भूपेंद्र, इब्राहिम, बल्केश्वर निवासी राघवेंद्र और वाटर वर्क्स निवासी विकास हैं। उनके पास से 36 पेटी इम्पैक्ट ब्रांड की 432 बोतल, अलग ब्रांड की 250 पौवे, 850 खाली पौवे और 4500 ढक्कन बरामद हुए।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वो हरियाणा से 125 रुपये में शराब की बोतल खरीदकर लाते हैं। इसके बाद उसे पुरानी कबाड़ी से खरीदी बोतल में भर देते हैं। उस पर यूपी का रेपर और ब्रांड का नाम लगा देते हैं। इन्हें देहात के शराब के ठेकों पर बेचने के लिए ले जाते हैं। 550 तक में बोतल की बिक्री हो जाती है।

