सीएम घोषणाओं की समीक्षा के क्रम में बुधवार को अल्मोड़ा एवं नैनीताल जनपदों की समीक्षा
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा की जा रही सीएम घोषणाओं की समीक्षा के क्रम में बुधवार को अल्मोड़ा एवं नैनीताल जनपदों की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि अल्मोड़ा जनपद में 164 सीएम घोषणाओं में से 102 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 62 पर कार्य प्रगति पर है। नैनीताल जनपद में 147 सीएम घोषणाओं में से 95 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 52 पर कार्य गतिमान है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पार्किंग के स्थान के लिए समस्याएं आ रही हैं। ऐसे में जिलाधिकारियों द्वारा इसका समाधान निकाला जाए। पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री जी ने लोनिवि को एक ब्रिज सेल बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल के दृष्टिगत पेयजल से संबधित घोषणाओं को जल्द पूर्ण किया जाए।
बैठक में महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती रेखा आर्य, विधायक श्री बंशीधर भगत, श्री दीवान सिंह बिष्ट, श्री रामसिंह कैड़ा, श्री करन मेहरा जबकि वर्चुअल माध्यम से विधानसभा उपाध्यक्ष श्री रघुनाथ सिंह चैहान, विधायक श्री संजीव आर्य, श्री नवीन चन्द्र दुम्का, श्री महेश नेगी उपस्थित रहे।

