मोदी को गांधी टोपी, दो रुमाल भेज किसान ने की ये अपील

नासिक।एजेंसी।मोदी सरकार के पिछले पांच साल के कामकाज की बात करें तो सबसे आगे नितिन गडकरी का नाम आता है, जिस तरह से उन्होंने सड़क एवं परिवहन के क्षेत्र में काम किया उसकी हर कोई तारीफ करता है। बतौर सड़क एवं परिवहन मंत्री उनके काम को देखते हुए एक प्याज के किसान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भावुक अपील की है।
महाराष्ट्र के नासिक में रहने वाले प्याज किसान ने जब अपनी प्याज को बेचा तो उन्हें बेहद ही कम मूल्य प्याज की लागत का प्राप्त हुआ। जिससे व्यथित किसान ने इस राशि को पीएम मोदी को भेज दिया साथ ही एक पत्र भी उन्होंने भेजा जिसमे उन्होंने खास अपील की है। किसान संजय साठे लिखा है कि नितिन गडकरी को देश का कृषि मंत्री बनाया जाए। साठे ने पीएम मोदी को एक पार्सल भेजा है।
साठे ने कहा कि मैं पीएम मोदी को उनकी जीत की बधाई देना चाहता हूं, मैंने हमारी परंपरा के अनुसार पीएम को एक सफेद टोपी, दो रुमाल भेंट की है। साथ ही मैंने पीएम मोदी से अपील की है कि नितिन गडकरी को देश का कृषि मंत्री बनाया जाए, जिससे कि किसानों की समस्या का हल हो सके। साठे ने बताया कि पिछले वर्ष थोक बाजार में उन्होंने 750 किलोग्राम प्याज बेची थी और उन्हें सिर्फ 1064 रुपए मिले थे। जिसके बाद विरोधस्वरूप उन्होंने यह पैसा पीएम मोदी को मनी ऑर्डर से लौटा दिया था। हालांकि बाद में पीएमओ ने इस राशि को वापस कर दिया था।

