16 से 23 सितंबर तक होगा 124वां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव, डीएम ने अधिकारियों को दिए व्यापक तैयारियों के निर्देश उप-हेडिंग:

16 से 23 सितंबर तक होगा 124वां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव, डीएम ने अधिकारियों को दिए व्यापक तैयारियों के निर्देश  उप-हेडिंग:
Spread the love

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में आयोजित होने वाले 124वें नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 16 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले को भव्य, दिव्य और पारंपरिक स्वरूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों, श्री राम सेवक सभा, व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव जनपदवासियों की आस्था का प्रतीक है और यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नैनीताल की सांस्कृतिक पहचान भी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेले के दौरान आयोजित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय लोक संस्कृति और पारंपरिक कला पर आधारित होंगे। उत्तराखंड के लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के सामने प्रस्तुत की जा सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि मेले में स्थानीय उत्पादों को विशेष बढ़ावा दिया जाए। हाउस ऑफ हिमालयाज, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनका आवंटन मुख्य विकास अधिकारी की देखरेख में किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने पूरे मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं होना चाहिए। पूरे नगर को आकर्षक विद्युत सज्जा से रोशन किया जाएगा तथा ठंडी सड़क सहित प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश नगर पालिका को दिए गए।

बैठक में पंडाल, मंच, टेंट और स्टॉल निर्माण के लिए पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी करने, डोला मार्गों की मरम्मत, लोअर मॉल रोड को सुचारु करने, डीएसए मैदान में जलभराव की समस्या के समाधान, सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड शिविर, झूलते बिजली के तारों की मरम्मत तथा मार्गों में पेड़ों की लॉपिंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेले की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं परिवहन विभाग को अतिरिक्त रोडवेज बसों और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल नगर क्षेत्र की सभी ठेका मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी।

बैठक में विधायक सरिता आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी शौरभ असवाल, पुलिस अधीक्षक (यातायात) जगदीश चंद्र, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, श्री राम सेवक सभा, होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles