गला घोंटकर पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे
पौड़ी। कोटद्वार में एक दिल दहला देने वाले मामले में पौड़ी पुलिस ने पत्नी की हत्या करने वाले कलयुगी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया था।
घटना 20 फरवरी 2025 को कोटद्वार के जल निगम KMVN स्कूल के पास की है, जहां 40 वर्षीय मनोज रावत ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी शशि देवी का गला घोंट दिया। परिजनों द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता सतपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कोटद्वार में हत्या का मुकदमा (मु0अ0सं0-63/2025, धारा-103(1) बीएनएस) दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह के निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई। पुलिस की गहन छानबीन में पुष्टि हुई कि हत्या का अपराध स्वयं पति ने किया है। इसके आधार पर 21 फरवरी 2025 को पुलिस ने आरोपी मनोज रावत को कोटद्वार बेस अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के बाद आरोपी ने चाकू से अपने गले पर वार कर आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया और डिस्चार्ज कर दिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया है।

