केंद्र सरकार के बिल के खिलाफ नैनीताल में अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन
रिपोर्ट: ललित जोशी / हर्षित जोशी
नैनीताल। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित अधिवक्ता संशोधित अधिनियम बिल 2025 के विरोध में नैनीताल जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ओंकार गोस्वामी के नेतृत्व में दर्जनों अधिवक्ताओं ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए इस बिल को वकीलों के अधिकारों के खिलाफ बताया और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने जिला अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और कानून मंत्री को ज्ञापन भेजा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ओंकार गोस्वामी ने कहा कि इस बिल में किए जा रहे संशोधन अधिवक्ता समुदाय के हित में नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार इस बिल को वापस नहीं लेती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
एसोसिएशन के सचिव संजय सुयाल ने कहा कि यह बिल अधिवक्ताओं की स्वतंत्रता छीनने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक एसोसिएशन एक स्वतंत्र निकाय के रूप में कार्य कर रही थी, लेकिन इस बिल के माध्यम से केंद्र सरकार उस पर ऑब्जर्वर नियुक्त करने की योजना बना रही है, जो बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के कार्यों में भी हस्तक्षेप करेगा और एसोसिएशन को नियंत्रित करेगा। उन्होंने कहा कि वकीलों के हड़ताल करने और प्रस्ताव पास करने के अधिकार को भी सीमित किया जा रहा है, जिससे उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित होगी।
वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष मोहन जोशी ने सवाल उठाया कि यदि न्यायाधीशों द्वारा गलत फैसले दिए जाते हैं, तो क्या उनके खिलाफ भी कार्यवाही होगी? अधिवक्ता राजेंद्र कुमार पाठक ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती, तो अधिवक्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल और आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
सभा को वरिष्ठ अधिवक्ता ज्योतिप्रकाश बोरा, भगवत प्रसाद, बलवंत सिंह, अनिल बिष्ट, सुंदर सहित कई अन्य अधिवक्ताओं ने संबोधित किया। इस विरोध प्रदर्शन में अधिवक्ता प्रीति साह, भरत भट्ट, अखिल साह, पंकज सिंह बिष्ट, अशोक मौलखी, भानुप्रताप मौनी, मनीष कांडपाल, यशपाल आर्या, कमल चिलवाल, शंकर चौहान, शिवांशु जोशी, निखिल बिष्ट, कैलाश बलुटिया, गिरीश चंद्र जोशी, शारिक अली, नीरज गोस्वामी, चंद्रकांत बहुगुणा, प्रमोद तिवारी, मोहम्मद खुर्शीद, दीपक पांडेय, गौरव भट्ट, सरिता बिष्ट, सिम्मी कपूर, भारती आर्या, आकांक्षा आर्या, किरन आर्या और जया आर्या सहित कई अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

