माह जनवरी की मासिक अपराध गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दिए कड़े दिशा-निर्देश
पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह ने वीसी के माध्यम से जनवरी माह की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया, जिसमें समस्त राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। इस बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, साइबर अपराध, नशा विरोधी अभियान, यातायात नियमों का पालन, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी, फायर सीजन की तैयारियां सहित अन्य अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याओं को सुनें और हर माह बैठक कर उनके कार्यों की समीक्षा करें। साइबर धोखाधड़ी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि साइबर अपराधों की शिकायतों पर अधिक संख्या में मुकदमे दर्ज किए जाएं और तकनीकी साक्ष्यों का संकलन कर शीघ्र निस्तारण किया जाए।
जनपद में शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार और थाना सतपुली द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई की सराहना की गई, जबकि श्रीनगर और लक्ष्मणझूला समेत अन्य थाना प्रभारियों को इस दिशा में अधिक कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए। इसके अलावा, अवैध शराब और मादक पदार्थों की सप्लाई पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा भांग की खेती करने वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए “ऑपरेशन मिलाप” अभियान के तहत ठोस प्रयास करने, लापता व्यक्तियों की जानकारी विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर साझा करने और AHTU के माध्यम से तलाश तेज करने के निर्देश भी जारी किए गए।
मार्च माह से शुरू होने वाले फायर सीजन के दृष्टिगत सभी फायर स्टेशनों और फायर यूनिटों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा, पुलिस मुख्यालय से अपराधों की समीक्षा के लिए सीसीटीएनएस डेटा को अपडेट करने, न्यायालय से प्राप्त NBW और समन की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आगामी पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही, महाशिवरात्रि के अवसर पर नीलकंठ मंदिर में भारी भीड़ के मद्देनजर ड्यूटी चार्ट समय से तैयार कर सोमवार से पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

