फर्जी माइक्रोसॉफ्ट कॉल सेंटर का मास्टरमाइंड 6 साल बाद गिरफ्तार,एसटीएफ ने नोएडा से पकड़ा फरार अपराधी
देहरादून।उत्तराखंड एसटीएफ ने वर्ष 2019 में पटेलनगर क्षेत्र में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाने के आरोप में फरार मुख्य आरोपी प्रवीन कुमार को 6 साल बाद नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फरारी के दौरान गोवा में एक रेस्टोरेंट और पब का मालिक बनकर पुलिस को गुमराह कर रहा था। एसटीएफ ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया।
वर्ष 2019 में माइक्रोसॉफ्ट कॉर्पोरेशन के लीगल एडवाइजर श्री भूपिंदर सिंह बिंद्रा ने थाना पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि प्रवीण कुमार, रंजन कुमार और मयंक द्वारा माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। आरोपी देश-विदेश में बैठे लोगों को माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं देने का झांसा देते थे और उन्हें अपनी कंप्यूटर एप्लिकेशन इंस्टॉल करने के लिए मजबूर करते थे। इसके बाद उनके कंप्यूटर में जानबूझकर खराबी कर दी जाती थी और उसे ठीक करने के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।
रिमोट एक्सेस के जरिए पीड़ितों के कंप्यूटरों से डेटा चोरी की जाती थी। पहचान की चोरी (Identity Theft) और वायरस संचारित करने जैसे अपराध भी किए जाते थे। माइक्रोसॉफ्ट की फर्जी सेवाएं प्रदान कर भारी धनराशि वसूल की जाती थी। इस शिकायत के आधार पर थाना पटेलनगर, देहरादून में मुकदमा अपराध संख्या 47/19 दर्ज किया गया। अपराध की धाराएं 417, 418, 419, 420, 467, 468, 469, 471 भादवि एवं आईटी एक्ट की धारा 43, 66C, 66D लगाई गईं। तत्कालीन कार्रवाई में रंजन कुमार और मयंक बंसल को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी और कॉल सेंटर का मास्टरमाइंड प्रवीन कुमार फरार हो गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून ने प्रवीन कुमार पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया। एसटीएफ की टीम को जानकारी मिली कि आरोपी गोवा में “सोल” नाम से रेस्टोरेंट और पब चला रहा था। वह कभी-कभी नोएडा और दिल्ली में अपने व्यापारिक साझेदारों से मिलने आता था।
एसटीएफ टीम ने पिछले 2-3 महीनों से नोएडा और दिल्ली में आरोपी के संभावित ठिकानों की निगरानी की। 27 मार्च 2025 को सूचना मिली कि प्रवीन कुमार गोवा से नोएडा आया है। एसटीएफ ने बड़े प्रयासों और कड़ी मेहनत के बाद उसे नोएडा के सेक्टर 18 से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को थाना पटेलनगर, देहरादून में दाखिल किया गया।
अभियुक्त का नाम: प्रवीन कुमार
पिता का नाम: श्री राजेन्द्र प्रसाद
स्थायी पता: क्वार्टर नं० ए2/32, नियर फुटबाल ग्राउंड, सांडी रजरपा प्रोजेक्ट, रामगढ़, झारखंड
वर्तमान पता: मेरिन हाईट फ्लैट नं० एस-3, डोनापोला, पणजी, गोवा
गिरफ्तार करने वाली एसटीएफ टीम: निरीक्षक श्री यशपाल सिंह बिष्ट, उप निरीक्षक श्री नरोत्तम सिंह बिष्ट, उप निरीक्षक श्री हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल अनूप भाटी, हेड कांस्टेबल कैलाश नयाल, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र नौटियाल, हेड कांस्टेबल अर्जुन रावत, कांस्टेबल देवेंद्र कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल सितांशु कुमार।


