विश्व पशु चिकित्सा दिवस 2025 पर पशुधन संरक्षण में पशु चिकित्सकों के योगदान का सम्मान
नई दिल्ली । मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के तहत पशुपालन और डेयरी विभाग ने राष्ट्रीय कार्यशाला के साथ विश्व पशु चिकित्सा दिवस 2025 मनाया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने किया।
उन्होंने पशु चिकित्सकों को “ग्रामीण अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय जैव सुरक्षा की रीढ़” बताया और पशु स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण तथा डिजिटल पशुधन मिशन जैसी पहलों का उल्लेख किया। इस वर्ष का विषय “पशु स्वास्थ्य के लिए एक टीम की आवश्यकता” रहा, जिसमें पशु, मानव और पर्यावरणीय स्वास्थ्य के बीच सहयोग पर बल दिया गया।
पशुपालन विभाग की सचिव सुश्री अलका उपाध्याय ने पशु चिकित्सा शिक्षा और तकनीकी सुधारों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यशाला में रोग निगरानी, पशुधन उत्पादन और स्वास्थ्य सुधार विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में देशभर से 250 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया और 3000 से अधिक लोग वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

