डबल मर्डर केस का वांछित सन्नी मांगड़ गिरफ्तार

डबल मर्डर केस का वांछित सन्नी मांगड़ गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रपुर।कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में 28 अप्रैल को हुए डबल मर्डर के मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त सन्नी मांगड़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों के तहत चल रही कार्रवाई में रुद्रपुर कोतवाली और एसओजी की टीम को यह बड़ी सफलता हाथ लगी।

घटना के बाद से ही सन्नी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा की जा रही ताबड़तोड़ दबिशों के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह बिलासपुर के विशारतनगर गुरुद्वारे के पास छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त सन्नी मांगड़ की निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। गौरतलब है कि सन्नी मांगड़ इससे पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।

डबल मर्डर केस में पहले ही पांच सगे भाइयों सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, सन्नी और एक अन्य अभियुक्त विशाल हुड़िया घटना के दिन से ही फरार थे, जिनके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी न्यायालय से जारी हो चुके थे।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी सन्नी को विधिसम्मत कार्रवाई के तहत न्यायालय में पेश किया गया। SSP मणिकांत मिश्रा ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles