रोटरी क्लब मसूरी ने हरेला परियोजना के अंतर्गत किया पौधारोपण और पौधों का वितरण
मसूरी। रोटरी क्लब मसूरी ने हरेला परियोजना के तहत चार्लिविल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया और विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रोटेरियन दीपक अग्रवाल, सामुदायिक सेवा निदेशक रोटेरियन रजत अग्रवाल, सचिव रोटेरियन योगिता गोयल, पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन एन.के. साहनी तथा रोटेरियन शिवम अग्रवाल मौजूद रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा डोंडियाल एवं शिक्षिका श्रीमती उर्मिला भिष्ट ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना की और छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
रोटेरियन रजत अग्रवाल ने विद्यार्थियों को अपने परिवेश और पर्यावरण की देखभाल करने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं क्लब अध्यक्ष रोटेरियन दीपक अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना छात्रों में जिम्मेदारी की भावना जागृत करेगी और उन्हें प्रकृति से और अधिक जोड़ने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की ओर से कुल 35 फूलों के पौधे वितरित किए गए। प्रत्येक पौधे पर संबंधित छात्र का नाम अंकित किया गया, ताकि छात्र उनमें व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ देखभाल कर सकें। रोटरी क्लब ने घोषणा की कि नौ माह बाद सर्वश्रेष्ठ रूप से संजोए गए तीन पौधों को पुरस्कृत किया जाएगा।
यह परियोजना मसूरी के सभी 14 प्राथमिक विद्यालयों में संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य बच्चों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।

