राजधानी देहरादून में होली के रंगीन त्योहार को देखते हुए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने विशेष मेडिकल एडवाइजरी जारी कर अलर्ट घोषित किया है। होलिका दहन और बड़ी होली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जाएगी तथा 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रहेंगी।
होली पर्व के दौरान रंगों के दुष्प्रभाव, त्वचा एलर्जी, आंखों में केमिकल जाने, कान-गले से संबंधित समस्याएं, हुड़दंग के कारण चोट एवं फ्रैक्चर जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है। इसके अलावा फूड प्वाइजनिंग और पेट संबंधी शिकायतों को लेकर भी अस्पताल अलर्ट मोड पर है।
अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि त्योहार की खुशियों के बीच स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि होली खेलते समय केमिकल युक्त रंगों के प्रयोग से बचें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें, जहां आपातकालीन सेवाओं में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक और ईएनटी विशेषज्ञों को छोटी और बड़ी होली के दौरान विशेष रूप से अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अतिरिक्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल टीम की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी स्थिति में मरीजों को त्वरित और प्रभावी उपचार मिल सके।

