हल्द्वानी पुलिस ने किया शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, 25 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
हल्द्वानी। एसएसपी मंजूनाथ टी सी के निर्देशन में हल्द्वानी और मुखानी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की बड़ी घटनाओं का खुलासा कर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए गए हैं।
पहला मामला कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र का है, जहां हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने अपने घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं दूसरा मामला थाना मुखानी क्षेत्र का है, जहां कृष्णापुर निवासी लक्ष्मण सिंह के घर का ताला तोड़कर नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी की गई थी। दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए सीओ मनोज कत्याल एवं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि हरिद्वार नंबर की बाइक पर कुछ संदिग्ध युवक क्षेत्र में घूम रहे थे। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए 9 मई 2026 को बेल बाबा मंदिर के पास से तीन आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु निवासी सपेरा बस्ती फेरूपुर, थाना पथरी जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सपेरे का काम करते हैं और नैनीताल घूमने आए थे। वापसी के दौरान हल्द्वानी में होटल में रुककर बंद घरों की रेकी करने के बाद चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के कई आभूषण, मंगलसूत्र, पायल, अंगूठियां, चोकर, कमरबंद और अन्य कीमती सामान बरामद किया है। आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहिताश सागर, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक विरेन्द्र चन्द्र, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह समेत तकनीकी टीम और पुलिसकर्मी शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

