मुख्यमंत्री धामी ने नवचयनित कार्मिकों को भेजा संदेश, ईमानदारी और जनसेवा का दिया मंत्र

मुख्यमंत्री धामी ने नवचयनित कार्मिकों को भेजा संदेश, ईमानदारी और जनसेवा का दिया मंत्र
Spread the love

देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और ईमानदारी के साथ जनसेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार मुख्य सेवक का दायित्व सौंपा था। जनादेश की भावना के अनुरूप सरकार ने कार्यभार संभालते ही प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या को कम करने और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया।

उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवक के रूप में नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है और यह अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब युवा अपनी प्रतिभा और कठोर मेहनत के बल पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू कठोर नकल विरोधी कानून और निष्पक्ष, पारदर्शी एवं ईमानदार चयन प्रक्रिया ने प्रतिभाशाली युवाओं को उचित अवसर और सम्मान दिलाना सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि राजकीय सेवा में चयन होना केवल युवाओं और उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि राज्य सरकार के लिए भी गर्व और जिम्मेदारी का विषय है।

मुख्यमंत्री ने नवचयनित कार्मिकों से अपील की कि वे निष्पक्षता, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर संवाद कर उन्हें उत्साहपूर्वक जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित भी किया।

देवभूमि खबर

Related articles