ऋषिकेश से श्री हेमकुंट साहिब यात्रा के पहले जत्थे का होगा भव्य प्रस्थान, ‘दास्तान-ए-सिखी’ संग्रहालय का भी उद्घाटन
ऋषिकेश। श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के प्रथम जत्थे का भव्य प्रस्थान एवं सम्मान समारोह 20 मई 2026 को ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट में आयोजित किया जाएगा। पंज प्यारों के नेतृत्व में यात्रा के पहले जत्थे की पारंपरिक विदाई के साथ ही यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा।
समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, पुष्कर सिंह धामी, तरनजीत सिंह संधू सहित अनेक मंत्री, संत समाज के प्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगत मौजूद रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान सिख विरासत और इतिहास पर आधारित दो पुस्तकों का औपचारिक विमोचन भी किया जाएगा। इसके साथ ही “दास्तान-ए-सिखी” नामक नए संग्रहालय का उद्घाटन होगा, जिसमें सिख इतिहास, गुरु परंपरा और पावन घटनाओं को आधुनिक माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा। यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान और प्रेरणा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
समारोह में सिख समुदाय के 8 वर्षीय एआई प्रोडिजी रणवीर सिंह सचदेवा को भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। रणवीर सिंह सचदेवा को नरेंद्र मोदी, टिम कुक, सुंदर पिचाई तथा सैम ऑल्टमैन जैसे वैश्विक व्यक्तित्वों द्वारा सराहना मिल चुकी है। कम आयु में ही उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विशेष पहचान बनाई है।
कार्यक्रम में अरदास, शबद कीर्तन, निशान साहिब के साथ जत्थे की पारंपरिक विदाई सहित विभिन्न धार्मिक रस्में आयोजित होंगी। गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने श्रद्धालुओं और संगत से कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की

