विक्रम शर्मा हत्याकांड में दून पुलिस का बड़ा एक्शन, एक लाख के इनामी आरोपी के घर की कुर्की

विक्रम शर्मा हत्याकांड में दून पुलिस का बड़ा एक्शन, एक लाख के इनामी आरोपी के घर की कुर्की
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड पहुंचकर उसके घर की कुर्की की कार्रवाई की। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में की गई।

जानकारी के अनुसार 13 फरवरी 2026 को सिल्वर सिटी, राजपुर रोड स्थित जिम से बाहर आते समय विक्रम शर्मा की अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान घटना में झारखंड से आए अपराधियों की संलिप्तता सामने आई।

घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें झारखंड, बिहार सहित कई संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस ने पहले ही इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया था, जिनमें एक लाख रुपये का इनामी अभियुक्त यशराज सिंह भी शामिल है, जिसे 12 मई 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार घटना में शामिल छह अन्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहे थे। लगातार फरार रहने पर सभी आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

इसी क्रम में 17 मई 2026 को डालनवाला पुलिस टीम ने न्यायालय से प्राप्त कुर्की वारंट के आधार पर फरार इनामी आरोपी आकाश कुमार प्रसाद निवासी बजरंग टेकरी, बागबेरा, जमशेदपुर, जिला सिंहभूम, झारखंड के घर की कुर्की की कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा उनके खिलाफ भी कुर्की की कार्रवाई हेतु न्यायालय से वारंट प्राप्त किए जा रहे हैं।

देवभूमि खबर

Related articles