जानलेवा हमले का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, दून पुलिस ने बरामद किया हमला करने वाला पाटल
देहरादून। दून पुलिस ने कोतवाली सहसपुर क्षेत्र में पुराने विवाद के चलते पड़ोसी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पाटल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि बद्रीपुर क्षेत्र में कार्तिक नाम के युवक ने पुराने विवाद के चलते महेंद्र नामक व्यक्ति पर धारदार हथियार पाटल से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली सहसपुर की टीम मौके पर पहुंची और घायल महेंद्र पुत्र बहादुर सिंह निवासी बद्रीपुर को उपचार के लिए विवेकानंद अस्पताल धर्मावाला भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ग्राफिक एरा अस्पताल देहरादून रेफर कर दिया। मौके पर फील्ड यूनिट की टीम बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए।
घायल के भाई गेंदन सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 109/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए चेकिंग अभियान चलाया और उसी रात मुखबिर की सूचना पर आरोपी कार्तिक पुत्र रवि चौधरी निवासी बद्रीपुर, थाना सहसपुर, उम्र 26 वर्ष को पौंटा-देहरादून हाईवे अंडरपास मेदनीपुर बद्रीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पाटल भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लगभग तीन माह पूर्व किसी बात को लेकर उसका पड़ोसी महेंद्र से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह उससे रंजिश रखने लगा था। कुछ दिन पहले दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने हमला करने की योजना बनाई। घटना वाले दिन वह पाटल छिपाकर दुकान के पास महेंद्र का इंतजार कर रहा था और मौका मिलते ही उस पर हमला कर दिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत, वरिष्ठ उप निरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी, चौकी प्रभारी धर्मावाला पंकज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

