केदारनाथ यात्रा में शॉर्टकट पड़ा भारी, नदी किनारे फंसे 4 दिल्ली निवासी श्रद्धालुओं का रुद्रप्रयाग पुलिस ने किया सफल रेस्क्यू

केदारनाथ यात्रा में शॉर्टकट पड़ा भारी, नदी किनारे फंसे 4 दिल्ली निवासी श्रद्धालुओं का रुद्रप्रयाग पुलिस ने किया सफल रेस्क्यू
Spread the love

रुद्रप्रयाग।श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार मुस्तैदी से कार्य कर रही है। इसी क्रम में गत रात्रि पुलिस कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ श्रद्धालु मुख्य यात्रा मार्ग छोड़कर जल्दी नीचे पहुंचने के उद्देश्य से शॉर्टकट रास्ते का उपयोग करते हुए भीमबली और लिंचोली के मध्य नदी किनारे अत्यंत दुर्गम एवं संकरे स्थान पर फंस गए हैं।

सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी भीमबली से अपर उपनिरीक्षक यशपाल सिंह मय आरक्षी रामनारायण ध्यानी तथा चौकी लिंचोली से चौकी प्रभारी अनूप शर्मा पुलिस टीम सहित तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही YMF लीडर चंद्रप्रकाश एवं DDRF टीमों को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया।

रात्रि के घने अंधेरे, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और नदी किनारे के बेहद जोखिम भरे रास्तों के बावजूद संयुक्त रेस्क्यू टीम ने साहस और बेहतर समन्वय का परिचय देते हुए चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित ढूंढ निकाला। टीम द्वारा रस्सियों एवं अन्य उपकरणों की मदद से सभी श्रद्धालुओं को सावधानीपूर्वक मुख्य मार्ग तक सकुशल पहुंचाया गया।

सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने पर श्रद्धालुओं ने रुद्रप्रयाग पुलिस एवं रेस्क्यू टीमों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी त्वरित कार्यवाही और जीवन रक्षा के प्रयासों की सराहना की।
रेस्क्यू किए गए श्रद्धालुओं में राहुल तिवारी निवासी कृष्णा नगर पूर्वी दिल्ली, रोहन रावत निवासी संगम विहार दिल्ली, कुमारी झंकार निवासी सीलमपुर दिल्ली तथा कुमारी निकिता निवासी संगम विहार दिल्ली शामिल हैं।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्री केदारनाथ धाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित मुख्य पैदल मार्ग का ही उपयोग करें। पुलिस ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियां अत्यंत विषम होती हैं और शॉर्टकट या अनजान रास्तों का उपयोग करना जानलेवा साबित हो सकता है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी, कोतवाली या डायल-112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

देवभूमि खबर

Related articles