पाली लिंक रोड पर कार खाई में गिरी, तीन की मौत; SDRF ने पांच घायलों को किया रेस्क्यू

पाली लिंक रोड पर कार खाई में गिरी, तीन की मौत; SDRF ने पांच घायलों को किया रेस्क्यू
Spread the love

रुद्रप्रयाग। पाली लिंक रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ऑल्टो K10 कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि की टीम उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। एसडीआरएफ टीम ने विषम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खाई में उतरकर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया और पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

दुर्घटना में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान महेन्द्र सिंह (68 वर्ष), अंजन सिंह (42 वर्ष) तथा संगीता देवी (32 वर्ष) के रूप में हुई है। एसडीआरएफ टीम ने मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।

घायलों में रेशमा देवी (पत्नी अंजन सिंह), दक्षित (5 वर्ष), सानवी (3 वर्ष), वैभव (10 वर्ष) तथा विहान (8 वर्ष) शामिल हैं। सभी मृतक एवं घायल उथिंड गांव के निवासी बताए गए हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और कठिन परिस्थितियों में चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

देवभूमि खबर

Related articles