तुंगनाथ धाम में खोया आईफोन लौटाकर उत्तराखंड पुलिस ने पेश की ईमानदारी की मिसाल

तुंगनाथ धाम में खोया आईफोन लौटाकर उत्तराखंड पुलिस ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
Spread the love

रुद्रप्रयाग।उत्तराखंड पुलिस ने एक बार फिर अपने ध्येय वाक्य “मित्रता, सेवा और सुरक्षा” को चरितार्थ करते हुए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। तृतीय केदार श्री तुंगनाथ धाम मंदिर परिसर में खोया एक कीमती आईफोन खोजकर उसके वास्तविक मालिक को सकुशल लौटाया गया, जिससे श्रद्धालु ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 को जनपद पिथौरागढ़ में तैनात तथा वर्तमान में चारधाम यात्रा ड्यूटी पर नियुक्त कांस्टेबल मनीष चंद को तुंगनाथ मंदिर परिसर में गश्त के दौरान एक लावारिस आईफोन मिला। मोबाइल मिलने के बाद उन्होंने तत्काल उसके वास्तविक स्वामी की तलाश शुरू की और लगातार प्रयासों के बाद मोबाइल मालिक का पता लगाने में सफलता प्राप्त की।

जांच में मोबाइल के स्वामी की पहचान प्रांजल मिश्रा निवासी सेक्टर-28, गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई, जो बाबा तुंगनाथ के दर्शन के लिए धाम पहुंचे थे। आवश्यक सत्यापन और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कांस्टेबल मनीष चंद ने आईफोन सुरक्षित रूप से प्रांजल मिश्रा को सौंप दिया।
अपना कीमती मोबाइल और उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डाटा वापस पाकर प्रांजल मिश्रा ने खुशी व्यक्त करते हुए उत्तराखंड पुलिस और विशेष रूप से कांस्टेबल मनीष चंद की ईमानदारी, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद भी किया।

उत्तराखंड पुलिस ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी यात्रियों की सेवा और सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

देवभूमि खबर

Related articles