सीएचसी अगस्त्यमुनि में शुरू हुआ ‘गुबारा’ क्लीनिक, टाइप-1 मधुमेह रोगियों को मिलेगा निःशुल्क उपचार

रुद्रप्रयाग जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में टाइप-1 मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित बच्चों और युवाओं के लिए “गुबारा” क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश के निर्देशन में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अक्षित ममगाईं ने बुधवार को क्लीनिक का उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि इस क्लीनिक के माध्यम से टाइप-1 मधुमेह रोगियों को नियमित इंसुलिन मॉनिटरिंग, इंसुलिन की उपलब्धता, आवश्यक जांच तथा मधुमेह मॉनिटरिंग किट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। अब अगस्त्यमुनि क्षेत्र के मरीजों को उपचार और पंजीकरण के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग नहीं जाना पड़ेगा।
गौरतलब है कि जिला चिकित्सालय में नवंबर 2025 में गुबारा क्लीनिक की शुरुआत की गई थी।
कार्यक्रम में डब्ल्यू.जे. क्लीनटन फाउंडेशन के शोएब जहीदी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमा असवाल, डॉ. प्रियांशू, सीपीएचसी कोऑर्डिनेटर विजय रावत, बीएलए बलवंत बजवाल, आशुतोष बर्त्वाल, राहुल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

