समाधान दिवस में डीएम के सामने पहुंचीं 169 शिकायतें, अवैध कब्जों पर सख्ती और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आया। कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों से आए 169 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण, आपदा क्षतिपूर्ति, पारिवारिक विवाद और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों की भरमार रही। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधोईवाला निवासी नितिन कुमार की शिकायत पर, उनकी माता को लंबित एसीपी भुगतान न मिलने के मामले में डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने रायपुर रोड स्थित दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (आंचल डेयरी) के प्रबंधक के वेतन आहरण पर तत्काल रोक लगाने और पीड़ित कर्मचारी का भुगतान शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
भू-माफियाओं और अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई
मेहूंवाला में सरकारी नहर पर अवैध कब्जा, छिद्दरवाला और कृसाली में जनजातीय भूमि पर अवैध प्लाटिंग तथा एक बुजुर्ग की जमीन पर कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एसडीएम और तहसीलदारों को तत्काल जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट की ऐतिहासिक खुर्जा वाली धर्मशाला की भूमि पर अवैध निर्माण रोकने के भी निर्देश दिए गए।
बुजुर्गों और महिलाओं से जुड़े मामलों में भी डीएम ने संवेदनशीलता दिखाई। पारिवारिक प्रताड़ना, भरण-पोषण, घरेलू विवाद और सुरक्षा से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुनवाई और राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एक महिला द्वारा पति की शराब की लत से जुड़े मामले में परिवार की काउंसलिंग कराने तथा दहेज उत्पीड़न के एक मामले की निष्पक्ष जांच के भी आदेश दिए गए।
शिक्षा और आर्थिक सहायता के मामलों पर भी निर्देश
जनता दरबार में आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की फीस, दिव्यांग महिला की सहायता और छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय मदद से जुड़े मामलों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा देवपुरम में सड़क निर्माण, बंजारावाला में अव्यवस्थित हाट बाजार हटाने, रेहड़ी-फड़ी वालों के सत्यापन तथा सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, विभिन्न एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

