एसआईआर प्रक्रिया पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का प्रशिक्षण शिविर, मतदाताओं की सहायता के लिए कंट्रोल रूम खोलने की घोषणा
देहरादून। उत्तराखण्ड कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देना तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची से न हटें, इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।
अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष हाजी सुलेमान अंसारी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के कारण प्रदेश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम कटने की आशंका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रयास है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे और सभी मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के एसआईआर प्रदेश समन्वयक ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि मतदाता और पार्टी के बीएलए (Booth Level Agent) सजग रहें तो किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटेगा। उन्होंने फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, फॉर्म-7 के जरिए नाम हटाने की प्रक्रिया, प्रतिदिन प्रकाशित होने वाली सूचियों के अवलोकन तथा सुनवाई की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
हाजी सुलेमान अंसारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दूसरे चरण, यानी नोटिस अवधि के दौरान मतदाताओं की सहायता के लिए कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग एक कंट्रोल रूम भी स्थापित करेगा, जहां लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज रावत, पछवादून जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

