मानदेय से वंचित शिक्षकों को प्राथमिकता से भुगतान की मांग, अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

देहरादून।अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, जनपद देहरादून की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को गांधी इंटर कॉलेज, देहरादून में जिलाध्यक्ष अनिल कुमार नौटियाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले की विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया। संचालन जिला मंत्री विजय पाल सिंह जंगवान ने किया।
बैठक में संगठन के सदस्यता अभियान, आगामी जनपदीय एवं प्रांतीय सम्मेलन तथा शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण और प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने शिक्षकों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने का आश्वासन दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि वर्षों से मानदेय से वंचित शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मानदेय उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके आर्थिक एवं सामाजिक हित सुरक्षित रह सकें। इसके अलावा तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, तदर्थ नियुक्तियों, मानदेय में वृद्धि, अक्टूबर 2005 की पेंशन व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान तथा तदर्थ सेवाओं को चयन एवं प्रोन्नति में समुचित लाभ दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि शिक्षकों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की रणनीति पर विचार करेगा।
बैठक में संरक्षक आर.सी. शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, जिला कोषाध्यक्ष ललित मोहन सकलानी, विजय प्रसाद भट्ट, सावित्री चंद, संध्या डंगवाल, संजू सकलानी, धनंजय उनियाल, महावीर सिंह मेहता, राजेंद्र रावत, गिरीश सेमवाल, विजय बुटोला, एस.के. त्रिपाठी, शैलेन्द्र सिंह, यमुना नौटियाल, संजीव जोशी, नरेश कोटनाला, राजेंद्र ग्वाड़ी, उपेंद्र बहुगुणा, मनीष राणा, कुलदीप जोशी, हिमांशु वर्मा, नरेंद्र सिंह सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

