श्रीनगर में कांग्रेस का संगठन विस्तार, बड़ी संख्या में युवाओं ने थामा पार्टी का दामन

श्रीनगर । उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमवार को महानगर कांग्रेस कमेटी श्रीनगर के BLA-2 कार्यकर्ताओं की बैठक में भाग लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ मतदाता सूची से जुड़ी SIR प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाकर उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आह्वान किया, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। कांग्रेस जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी तथा जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
बैठक के दौरान श्रीनगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं ने कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नवप्रवेशी युवाओं का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कांग्रेस जनसरोकारों के मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाने का कार्य करेगी। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया गया।

