सितारगंज से लापता 14 वर्षीय नाबालिग केरल से सकुशल बरामद, आरोपी आफताब गिरफ्तार

सितारगंज से लापता 14 वर्षीय नाबालिग केरल से सकुशल बरामद, आरोपी आफताब गिरफ्तार
Spread the love

सितारगंज। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर केरल ले जाने के मामले में आरोपी को केरल से गिरफ्तार कर 14 वर्षीय नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर सितारगंज पुलिस ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए थाना चालिस्सेरी, जनपद पालक्काड, केरल क्षेत्र से आरोपी आफताब को गिरफ्तार किया। बरामद नाबालिग को पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को सितारगंज क्षेत्र से 14 वर्षीय नाबालिग के लापता होने की सूचना मिली थी। नाबालिग की माता की तहरीर के आधार पर कोतवाली सितारगंज में मुकदमा अपराध संख्या 362/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने नाबालिग की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अलग-अलग राज्यों में नाई का काम करता था। पुलिस टीम ने दिल्ली समेत विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार तलाश और सुरागरसी-पतारसी की। इसी दौरान महत्वपूर्ण सूचना मिली कि आरोपी पूर्व में केरल में नाई का काम कर चुका है और वर्तमान में केरल में मौजूद हो सकता है।

सूचना विकसित करने के बाद पुलिस टीम केरल पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। अथक प्रयासों के बाद आरोपी आफताब को थाना चालिस्सेरी, जनपद पालक्काड, केरल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 14 वर्षीय नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया।

विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 137(2), 87(1), 65(1) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 5/6 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

गिरफ्तार आरोपी

आफताब पुत्र अलकाब हुसैन, निवासी कुँवरपुर सिसैया, सितारगंज, उम्र 23 वर्ष।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुन्दरम शर्मा, उपनिरीक्षक कैलाश सिंह देव, महिला कांस्टेबल ज्योति शर्मा, कांस्टेबल प्रेम कन्वाल तथा थाना चालिस्सेरी, केरल की स्थानीय पुलिस टीम शामिल रही।

देवभूमि खबर

Related articles