शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में आरोपी गिरफ्तार

सितारगंज। शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के मामले में कोतवाली सितारगंज पुलिस ने आरोपी को उसके निवास स्थान पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। मामले में वादिनी की शिकायत के आधार पर कोतवाली सितारगंज में मुकदमा अपराध संख्या 384/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान वादिनी के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पाया गया। पुलिस ने आरोपी विशाल कुमार पुत्र राम प्रताप, निवासी जोशी कॉलोनी, थाना न्यूरिया, जनपद पीलीभीत, उम्र 26 वर्ष को उसके निवास स्थान पर दबिश देकर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक वर्ष पूर्व बरुवाबाग, शक्तिफार्म में कार्य करता था, जहां उसकी मुलाकात वादिनी से हुई थी। आरोपी के अनुसार दोनों के बीच पहले से परिचय और आपसी संबंध थे। दोनों के बीच विवाह को लेकर बातचीत भी हुई थी, लेकिन बाद में उनके बीच विवाद हो गया।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना और वादिनी के बयानों में सामने आया कि प्रेम संबंध के दौरान आरोपी ने विवाह का भरोसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में विवाह की जिम्मेदारी निभाने की बात आने पर आरोपी कथित रूप से विवाह से पीछे हट गया और महिला से संबंध समाप्त कर लिया। इसके बाद वादिनी ने पुलिस से शिकायत की।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुन्दरम शर्मा, उपनिरीक्षक बबीता टम्टा, कांस्टेबल पंकज बसेड़ा और कांस्टेबल सुनील पाठक शामिल रहे।


