महिला के अपहरण का प्रयास रोकने वाली तीन सफाई कर्मचारी महिलाएं सम्मानित

महिला के अपहरण का प्रयास रोकने वाली तीन सफाई कर्मचारी महिलाएं सम्मानित
Spread the love

देहरादून। सहस्त्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक पर महिला के अपहरण के प्रयास को साहस और सूझबूझ से रोकने वाली नगर निगम की तीन सफाई कर्मचारी महिलाओं को महापौर सौरभ थपलियाल ने सम्मानित किया। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन की उपस्थिति में तीनों महिलाओं को नगर निगम महापौर के कक्ष में बुलाकर शॉल ओढ़ाकर और मिठाई का डिब्बा भेंट कर सम्मानित किया गया।

बताया गया कि 23 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6:50 बजे सहस्त्रधारा रोड नालापानी चौक के पास एक महिला के अपहरण का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान नगर निगम की सफाई कर्मचारी महिलाओं ने साहस का परिचय देते हुए मौके पर हस्तक्षेप किया और महिला को अपहरण के प्रयास से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वाली सफाई कर्मचारी महिलाओं में अनीता देवी, माया देवी और सविता देवी शामिल हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध ने कहा कि सफाई कर्मचारी महिलाएं अपने नियमित कार्य के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में भी पीछे नहीं हैं। तीनों महिलाओं ने जिस साहस और तत्परता का परिचय दिया, वह सराहनीय है और वाल्मीकि समाज के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन शाखा नगर निगम के अध्यक्ष सुनील कुमार (सोनू खैरवाल), हलका प्रधान अरविंद कुमार, अरुण कुमार, तेजपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles