हरिद्वार में दौड़ेंगी 37 ई-बसें, कनखल और सप्तऋषि समेत नए क्षेत्र जुड़ेंगे नेटवर्क से

हरिद्वार में दौड़ेंगी 37 ई-बसें, कनखल और सप्तऋषि समेत नए क्षेत्र जुड़ेंगे नेटवर्क से
Spread the love

हरिद्वार। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत हरिद्वार में 37 विद्युत बसों के संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्तावित ई-बस नेटवर्क में कनखल चौक, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी शामिल किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को चार्जिंग और डिपो की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को सीसीआर भवन में मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत विद्युत बसों के संचालन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रस्तावित मार्गों, बसों की तैनाती और संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रशासन निखिल शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत 37 विद्युत बसें आवंटित की गई हैं। ये बसें नौ मीटर लंबी, 30 सीटर और वातानुकूलित होंगी। स्मार्ट सिटी मॉडल के अनुरूप शहर के करीब 15 किलोमीटर मुख्य क्षेत्र में सर्कुलर सेवा संचालित की जाएगी। योजना में एक सर्कुलर मार्ग और सात फीडर मार्ग प्रस्तावित हैं, जिनके माध्यम से मुख्य क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र और प्रमुख तीर्थ मार्गों को आपस में जोड़ा जाएगा।

प्रस्तावित सर्कुलर मार्ग हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ऋषिकुल, चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक, बीएचईएल सेक्टर-2 बैरियर, ज्वालापुर, दुर्गा चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार, डामकोठी और तुलसी चौक होते हुए वापस रेलवे स्टेशन तक रहेगा। इसके अलावा रोशनाबाद, पेंटागन मॉल, शिवालिक नगर, बीएचईएल सेक्टर-2, पतंजलि, जटवाड़ा पुल, दुर्गा चौक, ज्वालापुर, बहादराबाद, धनपुरा, जगजीतपुर, सिंहद्वार, शांतिकुंज और लालढांग क्षेत्रों को फीडर मार्गों के माध्यम से जोड़ा जाएगा।

प्रारंभिक चरण में सर्कुलर मार्ग के साथ रोशनाबाद, बहादराबाद और पतंजलि गलियारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन मार्गों पर बसों का प्रतीक्षा समय करीब 10 मिनट रखने का लक्ष्य है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित मार्गों पर आवश्यकतानुसार बस स्टॉप भी तैयार किए जाएंगे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रस्तावित मार्गों में संशोधन करते हुए कनखल चौक, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी ई-बस नेटवर्क में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों को जोड़ने से अधिक लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी। जिलाधिकारी ने ई-बस संचालन के साथ चार्जिंग स्टेशन और डिपो की व्यवस्थाएं भी समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एआरटीओ प्रशासन नेहा झा, एआरटीओ रुड़की जितेंद्र चंद्र, प्रभारी निरीक्षक यातायात संदीप नेगी, उपनिरीक्षक यातायात मुकेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles