कुंभ-2027 की तैयारियों की एडीजी प्रशासन ने की समीक्षा, निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश

कुंभ-2027 की तैयारियों की एडीजी प्रशासन ने की समीक्षा, निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
Spread the love

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का जायजा लेने अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन उत्तराखंड एपी अंशुमान शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ मेले के लिए पुलिस विभाग की तैयारियों, निर्माण कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला हरिद्वार आयुष अग्रवाल ने अब तक की गई तैयारियों और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद एडीजी प्रशासन ने कुंभ मेले से संबंधित बड़े और छोटे निर्माण कार्यों तथा अनुरक्षण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन मेला नियंत्रण भवन और वहां स्थापित किए जाने वाले उपकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की।

एडीजी ने कुंभ मेले के दौरान स्थापित होने वाली पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, जीआरपी लाइन, अस्थायी थानों और चौकियों की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही कुंभ कोर क्षेत्र में प्रस्तावित होल्डिंग एवं पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण और भूमि अधिग्रहण की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी प्रचलित और निर्माणाधीन कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में कुंभ मेले के दौरान अग्नि सुरक्षा के लिए तैयार आपात योजना की भी समीक्षा की गई। अग्निशमन और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, अतिरिक्त उपकरणों की आवश्यकता और उनकी खरीद की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली गई। मेले के दौरान लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की उपलब्धता तथा उनके लिए चयनित स्थानों की भी समीक्षा की गई।

एडीजी ने मेले के लिए उपलब्ध वाहनों और अतिरिक्त वाहनों की आवश्यकता, अब तक अवमुक्त बजट तथा अतिरिक्त बजट की आवश्यकता पर भी अधिकारियों से जानकारी ली। इसके अलावा कुंभ मेले में तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों की उपलब्धता और अतिरिक्त बल की आवश्यकता को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

एडीजी प्रशासन ने निर्देश दिए कि कुंभ मेले के प्रत्येक स्नान पर्व को महत्वपूर्ण मानते हुए पहले से स्पष्ट सुरक्षा एवं यातायात योजना तैयार की जाए। स्नान पर्वों के दौरान आवश्यकता के अनुरूप पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, पुलिस मुख्यालय/पीएम बरिंदरजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे, पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती, पुलिस अधीक्षक यातायात/अपराध हरिद्वार निशा यादव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण देहरादून जया बलूनी, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, उपसेनानायक एसडीआरएफ शुभांक रतुड़ी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी कुंभ/हरिद्वार वंश बहादुर यादव और मंडलाधिकारी कुंभ/हरिद्वार संतोष बगड़वाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles