लोकतंत्र बचाओ यात्रा में गूंजा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प

लोकतंत्र बचाओ यात्रा में गूंजा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प
Spread the love

देहरादून। लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक मूल्यों की मजबूती और जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ का आयोजन किया। प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव के नेतृत्व में निकली यात्रा में प्रदेश सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत राजपुर विधानसभा क्षेत्र से हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की रक्षा और जनता के मताधिकार को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। राजपुर से शुरू होकर यात्रा रायपुर, कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए डोईवाला पहुंची। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान करते हुए नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित व्यवस्था नहीं है, बल्कि नागरिकों के अधिकारों, संविधान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष व्यवस्था की रक्षा का नाम है। उन्होंने कहा कि जब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े हों और जनता के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जाए, तब प्रत्येक लोकतंत्र समर्थक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपनी आवाज उठाए।

यात्रा के दौरान प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव ने अमर शहीद दुर्गमल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जिन वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि शहीदों के सपनों के भारत के निर्माण के लिए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया जाए।

प्रदेश सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत देश की जनता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जनता की आवाज को दबाने के बजाय उसे सम्मान देना लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की।

यात्रा के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ’, ‘संविधान बचाओ’ और जनता के अधिकारों की रक्षा के नारों के साथ यात्रा का समर्थन किया।

राजपुर विधानसभा से शुरू हुई यात्रा रायपुर, कैंट, धर्मपुर और डोईवाला होते हुए देहरादून स्थित आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे भी लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया।

प्रदेश संगठन मंत्री ओपी मिश्रा ने कहा कि यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरण का अभियान है। पार्टी आने वाले समय में प्रदेशभर में इस अभियान को और व्यापक रूप देने का कार्य करेगी।

यात्रा में प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पांडेय, युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर, मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना, कोषाध्यक्ष शरद जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधा पटवाल, अशोक सेवाल, सीपी सिंह, जितेन पंथ, शैलेश तिवारी, कमल राणा, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी जगदीश कोहली, सुधीर पंथ, महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री सहित सभी विधानसभा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए।

देवभूमि खबर

Related articles