HTML tutorial
HTML tutorial

थत्यूड़ महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता रैली, युवाओं ने दिया मतदान का संदेश

थत्यूड़ महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता रैली, युवाओं ने दिया मतदान का संदेश
Spread the love

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में शनिवार को मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत मतदाता जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने छात्र-छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश देकर किया।

रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर साटागाड़ होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर मतदान के महत्व को दर्शाते हुए नारे लगाए। उन्होंने आमजन से लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान करने, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से मतदाता पहचान पत्र बनवाने की अपील की।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की मतदान में भागीदारी जरूरी है। युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें स्वयं मतदान करने के साथ ही अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है और किसी भी मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने से पीछे नहीं हटना चाहिए।

रैली के समापन पर छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने निष्पक्ष, निर्भीक और नैतिक मतदान की शपथ ली। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वीप नोडल अधिकारी सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

देवभूमि खबर

Related articles