मेधावी छात्र ,छात्राओं तथा गुरूजनों को पूर्व उपाध्यक्ष एन.आर.एच.एम.बिट्टू कर्नाटक ने किया सम्मानित
अल्मोडा ।विधानसभा के विद्यालयों में मेधावी छात्र/छात्राओं तथा शिक्षकों,कर्मचारियों को पूर्व उपाध्यक्ष एन.आर.एच.एम.बिट्टू कर्नाटक द्वारा लगातार सम्मानित किये जाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। यह सम्मान समारोह शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले शिक्षकों,कर्मचारियों तथा मेधावी छात्र,छात्राओं के लिये आयोजित किया जा रहा है । इसके अन्तर्गत प्रथम चरण में विधानसभा अल्मोड़ा के नगर क्षेत्र के विद्यालयों को आच्छादित किया गया है अब द्वितीय चरण में विकास खण्ड स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों के इन्टर कालेजों को चयनित कर सम्मानित किया जा रहा है।
इसी के तहत आज चयनित राजकीय बालिका इन्टर कालेज बाड़ेछीना में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। सम्मान समारोह में 100 से अधिक शिक्षकों/कर्मचारियों ,छात्राओं तथा अभिभावकों द्वारा प्रतिभाग किया गया । श्री कर्नाटक द्वारा उनका स्वागत,अभिनन्दन करते हुये उन्हें धन्यबाद दिया कि वे छात्राओं के मनोबल को बढ़ाने हेतु सभा स्थल पर उपस्थित हुये । श्री कर्नाटक द्वारा शिक्षिकाओं/कर्मचारियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह तथा छात्राओं को अंगवस्त्र भेंट कर प्रतीक चिन्ह व मेडल से सम्मानित किया गया । इस सम्मान से छात्राओं में खुशी की लहर थी और वे अति उत्साहित दिखाई दिये । उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी विकास खण्ड स्तर के शेष विद्यालयों के मेधावी छात्र/छात्राओं को भी इसी प्रकार कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया जायेगा ।
छात्राओं को सम्बोधित करते हुये श्री कर्नाटक ने कहा कि यह सम्मान कार्यक्रम छात्राओं को प्रेरित करने तथा पढ़ाई के प्रति उनका मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है । उन्होंने कहा कि कोरोना काल में विद्यालयों के बन्द होने के कारण पढ़ाई अत्यन्त बाधित हुई है और छात्राओं ने यह कठिन समय अत्यन्त तनाव में व्यतीत किया है । इसके पश्चात भी इन होनहार नौनिहालों ने आन-लाईन माध्यम या अन्य सम्भव माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रखी और एक श्रेष्ठ मुकाम प्राप्त किया जो अत्यन्त प्रशंसा के योग्य है । श्री कर्नाटक ने अपने संवाद में छात्राओं से कहा कि गुरूजन शिक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण करने, उनके व्यक्तित्व को सुधारने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ताकि उन्हें अच्छी शिक्षा के साथ-साथ आदर्श छात्र भी बनाया जा सके । विद्यार्थियों को गुरूजनों के इस त्याग व मेहनत के लिये सदैव सम्मान करना चाहिये तथा आलस्य व कुसंगति से दूर रहकर लक्ष्य निर्धारण के साथ परिश्रम से पढना व अनुशासित,आत्मविश्वासी,परिश्रमी बनना चाहिये।
श्री कर्नाटक ने सभी छात्राओं को हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया । साथ ही कहा कि आन-लाईन शिक्षा के इस दौर में विद्यार्थी मोबाईल,कम्प्यूटर स्क्रीन से बंध गये है जिनके समुचित विकास के लिये पढाई के अतिरिक्त शारीरिक दक्षता के खेलों में प्रतिभाग करना भी अत्यन्त आवश्यक है ताकि वे मानसिक व शारीरिक रूप से भी स्वस्थ्य रह सकें और इन खेलों के माध्यम से भी अपने क्षेत्र व देश का नाम रोशन करें ।
प्रधानाचार्या द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों,विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किये जाने के लिये श्री कर्नाटक का आभार व्यक्त करते हुये उन्हें शुभकामनायें एवं धन्यवाद प्रेषित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की ।
इस अवसर पर मुख्य रूप पूर्व ब्लाक प्रमुख हरीश सिंह बनौला,राजेन्द्रसिंह,रोहित शैली,हेम चन्द्र जोशी, प्रकाश मेहता, धीरज बिष्ट,रश्मि काण्डपाल,किरन कोरंगा,हर्षिता तिवारी तथा छात्राओं के अभिभावक आदि उपस्थित थे । इस कार्यक्रम का संचालन चित्रा खाती द्वारा किया गया ।

