उत्तराखण्ड की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 72.78 लाख मतदाता शामिल

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखण्ड में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। ड्राफ्ट सूची में कुल 72,78,035 मतदाताओं को शामिल किया गया है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालयों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से भी मतदाता सूची देखी जा सकती है। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है, जबकि जनपद स्तर पर हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे नागरिक जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं अथवा किसी कारणवश मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं, वे 11 दिसंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन के साथ ही ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने और अन्य दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का समय निर्धारित किया गया है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का 28 दिसंबर 2026 तक निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।


