HTML tutorial
HTML tutorial

प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव और सामर्थ्य से संवरेगा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री धामी

प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव और सामर्थ्य से संवरेगा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री धामी
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ उत्तराखण्ड के विकास को भी मिलना चाहिए। राज्य के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए सरकार के साथ प्रवासी समाज और प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने देशभर से सम्मेलन में पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि यहां ऐसा अनुभव हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक स्थान पर एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि, संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से भावनात्मक जुड़ाव सदैव बना रहता है। अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहना हम सभी का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल अपनी मातृभूमि के प्रति लगाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी भी अपने गांवों के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड ने पिछले वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि के साथ आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। वहीं, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं को जल्द ही प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि करेगी।

उन्होंने कहा कि कृषि एवं बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन से किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की आगामी 50 वर्षों की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी कार्य आगे बढ़ रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। राज्य के विभिन्न शहरों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को हेली सेवाओं से जोड़ने के प्रयास जारी हैं। बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन, तीर्थाटन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाएं भी मजबूत होंगी।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहने और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता एवं स्वरोजगार के क्षेत्रों में अपने अनुभव तथा विशेषज्ञता का योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बनाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में नोडल भूमिका निभा सकती है, लेकिन विकास में व्यापकता, समग्रता और समृद्धि सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है। इससे श्रद्धालु भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कर पा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि प्रवासियों के साथ निरंतर संवाद और राज्य के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया है। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।

सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक विनोद चमोली, किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles