फर्जी वेबसाइट से नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

फर्जी वेबसाइट से नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड एसटीएफ ने फर्जी “न्यूट्रिनो लैब” नामक वेबसाइट बनाकर देशभर के युवाओं से ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रेमनगर स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र है और लिंक्डइन के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को ऑनलाइन जॉब दिलाने का झांसा देकर उनसे हजारों रुपये ऐंठ रहा था।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि आई4सी पोर्टल पर हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से 30 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों के आधार पर उत्तराखंड एसटीएफ ने जांच शुरू की और प्रेमनगर क्षेत्र में छिपे इस साइबर ठग को धर दबोचा।

आरोपी पहले लिंक्डइन पर बेरोजगार युवाओं से संपर्क करता था। फिर अपनी फर्जी कंपनी “न्यूट्रिनो लैब” में ऑनलाइन जॉब का ऑफर देता था। युवाओं को इंटरव्यू के बाद पैनटैब खरीदने के लिए 5000-6000 रुपये देने को मजबूर करता था। पैसे मिलते ही उन्हें ब्लॉक कर देता था और किसी भी प्रकार की रिफंड नहीं देता था।

उत्तराखंड एसटीएफ की टीम ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र से आरोपी कृपाल शर्मा (निवासी सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए, जिनमें 01 लैपटॉप, 01 मोबाइल फोन, 02 पैनटैब, 04 बैंक क्रेडिट कार्ड, 02 चेक बुक और 01 डायरी शामिल हैं।

एसटीएफ ने आरोपी के दो करंट अकाउंट का भी पता लगाया है, जिससे उसके बैंक लेन-देन और ठगी की गई कुल रकम की जानकारी जुटाई जा रही है। उसके खिलाफ प्रेमनगर थाना में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ ने युवाओं से अपील की है कि ऑनलाइन नौकरी के झांसे में आने से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन कर लें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles