मसूरी में बाबा बुल्लेशाह की मजार में तोड़फोड़, सैयद बाबा बुल्लेशाह समिति ने कोतवाली में दी तहरीर
मसूरी। मसूरी स्थित सैयद बाबा बुल्लेशाह की ऐतिहासिक मजार में असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ से क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। इस संबंध में सैयद बाबा बुल्लेशाह समिति, मसूरी की ओर से कोतवाली मसूरी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

समिति द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि बाबा बुल्लेशाह की मजार एलन स्कूल के निकट स्थित है, जो सौ वर्ष से अधिक पुरानी है और निजी संपत्ति पर स्थित है। यह मजार मसूरी एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले विभिन्न समुदायों की आस्था का केंद्र रही है, जहां वर्षों से सभी समुदायों के लोग श्रद्धा के साथ मत्था टेकने आते रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, कुछ दिन पूर्व मजार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गई थीं। इसके बाद दिनांक 24 जनवरी 2026 को असामाजिक तत्वों द्वारा मजार में तोड़फोड़ की गई तथा मजार के आसपास बने स्ट्रक्चर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
समिति का आरोप है कि यह कृत्य सुनियोजित तरीके से किया गया, जिससे विभिन्न समुदायों के बीच द्वेष और तनाव उत्पन्न किया जा सके।
समिति ने यह भी बताया कि मजार में तोड़फोड़ की घटना से संबंधित वीडियो और फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित हो रहे हैं, जिनके आधार पर दोषियों की पहचान संभव है। समिति ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि मसूरी जैसे सौहार्दपूर्ण शहर में शांति और आपसी भाईचारा बना रहे।
कोतवाली मसूरी पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच प्रारंभ करने की बात कही है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

