श्री बदरीनाथ मंदिर सिंह द्वार पर फोटो खिंचवाने के विवाद पर बीकेटीसी अध्यक्ष सख्त, शरारती तत्वों पर होगी कार्रवाई
देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्री बदरीनाथ मंदिर सिंह द्वार के सामने फोटो खिंचवाने को लेकर हुए विवाद तथा सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्टों का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि अमर्यादित आचरण करने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि श्री बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में मंदिर परिसर के 50 मीटर के दायरे में फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और रील बनाना पूरी तरह वर्जित है। इस संबंध में मंदिर समिति द्वारा सूचना पट लगाए गए हैं और पुलिस प्रशासन के सहयोग से लाउडस्पीकर के माध्यम से भी नियमित रूप से सूचना दी जाती है।
उन्होंने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि श्री बदरीनाथ मंदिर सिंह द्वार के ठीक सामने सीढ़ियों पर खड़े होकर फोटो खिंचवाने के बजाय निर्धारित खुले परिसर में मर्यादित ढंग से फोटो लें। साथ ही, धामों की गरिमा बनाए रखने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आचरण से तीर्थ क्षेत्र की छवि धूमिल होती है और आम जनमानस में गलत संदेश जाता है।
