अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, मंगलौर पुलिस ने दो शातिरों को चार चोरी की बाइकों सहित दबोचा

हरिद्वार। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें मंगलौर, रुड़की और देहरादून के क्लेमेन्टाउन क्षेत्र से चोरी की गई बाइकें भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मुकदमा अपराध संख्या 304/2026 की विवेचना के दौरान 11 जून 2026 को कस्बा लंढौरा से चोरी हुई मोटरसाइकिल के साथ दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कोतवाली रुड़की और थाना क्लेमेन्टाउन, देहरादून क्षेत्र से भी मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। बरामद चौथी बिना नंबर की बाइक के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रांत उर्फ भोलू पुत्र हरिराम तथा वसीम पुत्र खलील, दोनों निवासी डबल फाटक मोहनपुरा मोहम्मदपुर, रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
बरामद वाहनों में लंढौरा से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस (यूके17एस-6743), रुड़की क्षेत्र से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस (यूके08एफ-6377), क्लेमेन्टाउन देहरादून से चोरी हुई स्प्लेंडर (यूके07डीक्यू-2710) तथा एक बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस शामिल है, जिसकी जांच जारी है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक भगवान महर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, उपनिरीक्षक बलवंत सिंह, अपर उपनिरीक्षक इतेन्द्र डबराल, हेड कांस्टेबल शूरबीर, कांस्टेबल मनीष और हेड गार्ड शौरभ की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

