भारी बारिश पर मुख्यमंत्री धामी अलर्ट, रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 24×7 निगरानी के निर्देश

Spread the love

प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा और आगामी दिनों के लिए मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग से प्रदेशभर की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करें।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से वर्षा की स्थिति, मौसम पूर्वानुमान, सड़क संपर्क, नदियों के जलस्तर तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए 24×7 अलर्ट मोड पर कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि 10 जुलाई के लिए नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और चम्पावत जनपदों में रेड अलर्ट, जबकि पौड़ी गढ़वाल, देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर जिलाधिकारियों, पुलिस, एसडीआरएफ, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष निर्देश दिए हैं कि जहां मौसम अत्यधिक खराब हो या यात्रा करना जोखिमपूर्ण हो, वहां यात्रियों को सुरक्षित होल्डिंग प्वाइंट्स पर रोका जाए। इन स्थानों पर भोजन, पेयजल, दवाइयां, बच्चों के लिए दूध, शौचालय, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।

सचिव आपदा प्रबंधन ने अधिकारियों को नदियों, बरसाती नालों, गाड़-गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के समीप रहने वाले लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जरूरत पड़ने पर निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोकने के भी निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में वर्षा से प्रभावित सड़कों, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी, पोकलेन मशीनों, आवश्यक उपकरणों और मानवबल की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी तथा संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles