देहरादून में रेड अलर्ट के चलते 10 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

देहरादून। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा देहरादून जनपद में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तीव्र बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। रेड अलर्ट के मद्देनजर एहतियातन 10 जुलाई 2026 को जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र शुक्रवार, 10 जुलाई को बंद रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

