मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने संभाला कार्यभार, बजट अनुरूप राजस्व वृद्धि के दिए निर्देश
देहरादून।नवनियुक्त मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद सचिवालय में अपनी पहली सचिव समिति बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को बजट प्रावधान के अनुरूप राजस्व वृद्धि के निर्देश दिए। साथ ही, पूंजीगत व्यय बढ़ाने, वार्षिक कार्ययोजना पूर्व निर्धारित करने और प्रत्येक माह के लक्ष्यों को तय करने पर विशेष जोर दिया। मुख्य सचिव ने सभी विभागों से अपेक्षा की कि वे अपनी वार्षिक कार्ययोजना में भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य, आउटकम और आउटपुट संबंधी जानकारी को स्पष्ट रूप से शामिल करें। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 की आय-व्यय समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाएं समय पूर्व तैयार रखी जाएं। विभिन्न परियोजनाओं और अवस्थापना विकास से जुड़ी योजनाओं का चिन्हांकन कर “शेल्फ ऑफ प्रोजेक्ट्स” तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने गति शक्ति पोर्टल के माध्यम से व्यय वित्त समिति (EFC) की प्रक्रिया को पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं के गठन से लेकर कार्यान्वयन तक की गतिविधियां इसी पोर्टल के माध्यम से संचालित हों। प्रस्तावों को मंत्रिमंडल में भेजने से पूर्व पूरी तैयारी के साथ प्रस्तुत करने और भूमि बैंक को तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि स्वीकृत परियोजनाओं पर तुरंत कार्य प्रारंभ हो सके।
चारधाम यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य सचिव ने सचिव स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग अपनी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करें। यात्रा मार्ग की आवश्यकताओं का पूर्व आंकलन कर, सुविधाएं यात्रा शुरू होने से पहले सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने चारधाम यात्रा मार्गों के लिए निम्नलिखित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी: देहरादून से केदारनाथ मार्ग की जिम्मेदारी सचिव श्री युगल किशोर पंत को, बद्रीनाथ यात्रा मार्ग की जिम्मेदारी सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार को, गंगोत्री धाम की जिम्मेदारी सचिव डॉ. बी. वी. आर. सी. पुरुषोत्तम को तथा यमुनोत्री धाम की जिम्मेदारी सचिव डॉ. नीरज खैरवाल को दी गई। बैठक में सभी प्रमुख सचिव और सचिव उपस्थित रहे।

