नैनीताल में पर्यटन सीजन से पहले सुरक्षा तैयारियां तेज, रोपवे क्षेत्र में मॉक ड्रिल आयोजित
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटन सीजन को देखते हुए जहां एक ओर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, वहीं सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। शहर में नाव चालक अपनी नौकाओं को संवारने में जुटे हैं और नगर को आकर्षक केसरिया विद्युत लाइटों से सजाया जा रहा है।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में मल्लीताल स्थित रोपवे क्षेत्र में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना मल्लीताल पुलिस, अग्निशमन विभाग नैनीताल और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू ऑपरेशन का सफल अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि “सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, सजग रहें और सुरक्षित रहें।”

